महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर मंगलसूत्र सहित जेवर लेकर चोर हुए फरार

Belal Jani
By -

जौनपुर।गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर मनिहा गांव में शुक्रवार की रात हुई एक भीषण चोरी की घटना में घर में सोई हुई विवाहिता को छत के रास्ते घुसे चोरों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सोई हुई विवाहिता के गले का मंगलसूत्र भी निकाल लिया बेसुध पड़ी महिला को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। 

गोविंदपुर मनिहा गांव निवासी आनंद दुबे कर्मकांड का कार्य कर जीवन यापन करते हैं। शुक्रवार की रात वह अपनी माता आरती देवी के साथ घर के बाहर सीमेंट शेड में सोए हुए थे। घर के अंदर उनकी पत्नी नीतू दुबे 5 वर्षीय पुत्र के साथ सोई हुई थी। रात किसी समय छत के रास्ते घुसे हुए चोरों ने नीतू दुबे को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया तथा अलमारी तोड़कर उसमें रखा एक सोने का हार, एक सोने की अंगूठी, एक सोने की नथिया, एक जोड़ी पायल तथा गले का मंगलसूत्र निकाल लिया। अलमारी में रखे हुए पच्चीस हजार रुपए तथा चार सूटकेस उठा ले गए। जिसमें कीमती कपड़े रखे हुए थे। हद तो तब हो गई जब चोर घटना को अंजाम देने के बाद जाते-जाते पंडित जी का शंख भी उठा ले गए। सुबह आनंद दुबे उठकर लगभग पांच बजे पत्नी को जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया तो कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पत्नी के मोबाइल पर फोन किया तो बेटे ने उठाया। 5 वर्षीय बेटे ने किसी तरह से मां को जगाया तब जाकर नीतू ने दरवाजा खोला। घटना की सूचना पाकर  पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और साथ ही फोरेंसिक विभाग की टीम भी काफी देर तक छानबीन करती रही।

इस संदर्भ में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। कुछ अहम सुराग हांथ लगे हैं। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।