भाइयों में धारदार हथियार से हुई मारपीट में, एक की मौत

Belal Jani
By -

पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओ मे मुकदमा किया दर्ज, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

जौनपुर।बरसठी थाना क्षेत्र के खोइरी (खरगापुर) गांव में गुरुवार की देर शाम छः सगे भाइयों में आपसी विवाद को लेकर हुई  लाठी-डंडे व धारदार हथियार से मारपीट में गंभीर रूप से एक भाई घायल हो गया।घायलावस्था में उसे सीएचसी ले जाया गया। जहाँ चिकित्सको ने प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
उक्त गांव निवासी कैलाशनाथ शुक्ला के छ: पुत्र थे। बताया जा रहा है पिता कैलाशनाथ पितृपक्ष मे अपने पितरो के मोक्ष प्राप्ति के लिए घर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया था। जिसमे सभी छः भाई सम्मिलित होने मुंबई से आये थे। पुलिस के अनुसार गुरुवार की देर शाम को मृतक विनोद शुक्ला (40) पूजा-पाठ मे बैठने के लिए जैसे ही गया। आरोप है कि, बाकी भाइयों ने हस्तक्षेप कर दिया। जिस बात को लेकर आपस मे कहासुनी होने लगी। और देखते ही देखते लाठी-डंडे व धारदार हथियार से मारपीट हो गई। 
सूत्रों की माने तो सभी भाई और घर की महिलायो ने उसे घर के अंदर ले जाकर मारपीट के बाद लहूलुहान कर गंभीर रूप से घायल मृतक विनोद को घर मे बंद कर दिया। मृतक की पत्नी सुमन शुक्ला ने मौके से भागकर अपने भाई नीलेश दुबे के माध्यम से घटना की सूचना बरसठी पुलिस को दिया। मौके पर पहुची पुलिस किसी तरह बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर कर घायलावस्था विनोद को बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि, विनोद विवाद के नाते ही कुछ दिन से पैतृक घर से कुछ दूर बधवा-जमालापुर मार्ग पर अपना घर बनाकर रहता था।

 घटना की सूचना मिलते ही सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुच गई। इधर घटना को लेकर शुक्रवार की अलसुबह फोरेसिंक टीम घटना स्थल की जांच-पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित करने में जुट गई।मृतक की पत्नी सुमन शुक्ला की  तहरीर पर पुलिस ने छः पुरुष सहित आठ महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओ मे मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की धर-पकड़ तेज कर दी है।  मृतक विनोद शुक्ला मुंबई में बीएसटी का बस ड्राइवर है घटना के बाद सभी आरोपी लोग घर छोड़कर फरार है मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।