बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत,चार की हालत नाजुक

Belal Jani
By -



जौनपुर। महाराजगंज रविवार तीसरे पहर महराजगंज–राजाबाजार मार्ग पर लखिया नाले के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँच गए।

जानकारी के अनुसार मृत महिला अपने दोनों पुत्रों के साथ महराजगंज से एक दावत में सम्मिलित होकर बाइक से घर लौट रही थी, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। महिला समेत तीन लोग एक बाइक पर सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक बैठे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला के हांथ का प्लास्टिक थैला फटकर सड़क पर नान-रोटी और चावल बिखर गया। दोनों बाइकों के पार्ट्स सड़क पर दूर-दूर तक फैल गए।

मृत महिला की पहचान साफरीन उर्फ सैफुल्निशा (पत्नी स्व०अमीन), निवासी सराय परशुराम, राजाबाजार के रूप में हुई है। उनके दोनों बेटे—दिलशाद (32) गंभीर रूप से घायल तथा इरफान (29) घायल हैं। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। दूसरी बाइक पर सवार अमन सिंह (28) पुत्र राजकुमार तथा सावन मौर्य 25 पुत्र विजयराज, दोनों निवासी सराय परशुराम राजाबाजार को भी चोटें आई हैं। दोनों का इलाज सीएचसी महराजगंज में चल रहा है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज जा रहा है। दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।