जौनपुर।केराकत कोतवाली क्षेत्र के परसेवां गांव में एक युवती से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को छुड़ाने के लिए उसका भाई देवकली बाजार में पुलिस टीम से भिड़ गया। दो सिपाहियों से हाथापाई की। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पुलिस ने बूथ में बंद किया। पुलिस ने युवक के खिलाफ छेड़खानी और आरोपी के भाई पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री को एक युवक कई दिनों से परेशान कर रहा था। उसने घर में घुसकर गाली-गलौच और मारपीट की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को थाने ले जा रही थी।
पुलिस देवकली बाजार पहुंची तभी आरोपी का भाई जेम्स मरवीन निकिल्स मौके पर पहुंच गया और वहां मौजूद सिपाहियों से भिड़ गया। पुलिस व लोगों के सहयोग से उसे पकड़ कर देवकली पुलिस बूथ में बंद किया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी और उत्पात मचाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि देवकली बाजार में पुलिस से हाथापाई हुई थी। छेड़खानी के आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।